छत्तीसगढ़

सीएम विष्णुदेव साय सहित कई दिग्गज बस्तर के महाराजा कमल चंद्र भंजदेव की शाही शादी में हुए शामिल

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय सहित भाजपा के कई दिग्गज शनिवार को बस्तर के महाराजा कमल चंद्र भंजदेव की शाही शादी में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने महाराजा और महारानी को बधाई देते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया। इस दौरान सीएम साय के अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, गृहमंत्री विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप और महेश कश्यप बस्तर पहुंचे थे।

उल्लेखनीय है कि, बस्तर के महाराजा कमल चंद्र भंजदेव का विवाह नागौद राजकुमारी भुवनेश्वरी से हुआ। बस्तर से तीन चार्डट प्लेन में राजा की बारात मध्यप्रदेश गई थी। 20 फरवरी को उनका विवाह हुआ और 21 फरवरी को राजा अपनी रानी के साथ महल वापस लौटे। शनिवार 22 फरवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित अन्य नेता बस्तर पहुंचे। वहां पर उनका भव्य स्वागत हुआ। सभी नेता वर-वधु को आशीर्वाद देने पहुंचे थे।

1890 में निर्मित बस्तर राजमहल को इस ऐतिहासिक विवाह के लिए विशेष रूप से सजाया गया। पूरे महल को रंग-बिरंगी रोशनी और पारंपरिक शाही अंदाज में संवारा गया। राजस्थान से विशेष कैटरिंग और राजवाड़ा शैली के शामियाना विशेषज्ञ बुलाए गए। देश-विदेश से खास फूलों की व्यवस्था भी की गई है जिससे राजमहल की भव्यता और ज्यादा बढ़ गई। पांच दिनों की शाही शादी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक भी देखने को मिली। समारोह को यादगार बनाने के लिए हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। देशभर की लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की गई। बस्तर की समृद्ध परंपराओं को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया।

Shahin Khan

Editor, acn24x7.com

Related Articles

Back to top button