विधायक रिकेश सेन ने कहा भूपेश बघेल हिन्दू विरोधी हैं

भिलाई। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल के उस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त की जिसमंे उन्होंने बाबा बागेश्वर को बच्चा कहा था। श्री सेन ने कहा की बाबा बागेश्वर के ऊपर पूर्व सीएम भूपेश बघेल जी का हालिया बयान उनकी हिन्दू विरोधी मानसिकता को उजागर करता है।

विधायक रिकेश सेन ने कहा जब भी सनातन धर्म के संतों या कथावाचकों की बात आती है, बघेल जी का धर्मनिरपेक्ष विवेक अचानक जाग उठता है, लेकिन जबरन हो रहे धर्मांतरण, बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा और हत्याओं पर उनकी ज़ुबान मानो मौन व्रत पर चली जाती है। सवाल यह है कि बघेल जी इन मुद्दों पर प्रतिक्रिया कब देंगे? या फिर हिन्दुओं की पीड़ा केवल तब ही दिखती है जब उससे राजनीति की रोटी सेंकी जा सके? यदि उन्हें वास्तव में ज़मीनी हकीकत जाननी है, तो एक बार पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश जाकर हिंदुओं की स्थिति देखकर आना चाहिए, तब उन्हें समझ आएगा कि, हिन्दू खतरे में है या नहीं। कथावाचकों और संतों को अपनी घटिया राजनीति से जोड़ना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि शर्मनाक भी है। बाबा बागेश्वर करोड़ों हिंदुओं की आस्था के प्रतीक हैं। भूपेश बघेल जब सत्ता में थे तब स्वयं कई कथा पंडालों में जाकर कथावाचकों से मिलते रहे हैं लेकिन सत्ता से हटते ही संतों को भाजपा का एजेंट बता रहे हैं। इसी हिन्दू विरोधी सोच के कारण जनता ने बघेल को सत्ता से बेदखल कर दिया। अब जब मुद्दे खत्म हो चुके हैं, तो संत-समाज के खिलाफ बयानबाज़ी ही आख़री सहारा बचा है। लेकिन इतिहास गवाह है आस्था पर कटाक्ष करने वाले नेता आते-जाते रहते हैं, आस्था बनी रहती है।



