रूंगटा ग्रुप के कार्निवल में फेमस सिंगर ध्वनि भानुशाली देंगी प्रस्तुति
बहुप्रतिष्ठित इंटर कॉलेज फेस्ट में 8 हजार से अधिक छात्र होंगे शामिल

भिलाई। संजय रूंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, भिलाई द्वारा बहुप्रतिष्ठित इंटर कॉलेज वार्षिक उत्सव सह प्रतियोगिता “कार्निवाल 2026” का आयोजन 5 से 7 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है। यह आयोजन रूंगटा समूह के अंतर्गत संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए ऊर्जा, प्रतिभा और प्रतिस्पर्धा का भव्य मंच साबित होगा। कार्निवाल 2026 का मुख्य आकर्षण देश की लोकप्रिय पॉप सिंगर, एक्ट्रेस और यूथ आइकॉन ध्वनि भानुशाली का लाइव इन कॉन्सर्ट होगा। जो 5 फरवरी की शाम 7 बजे से आयोजित किया जाएगा। वहीं 6 फरवरी को मुंबई के प्रतिष्ठित लाइव बैंड की शानदार परफॉर्मेंस युवाओं को झूमने पर मजबूर करेगी। ध्वनि भानुशाली अपने इंडिपेंडेंट पॉप और बॉलीवुड फ्यूज़न गीतों, वायरल हिट्स और आकर्षक मंचीय प्रस्तुति के लिए जानी जाती हैं।

तीन दिवसीय कार्निवाल 2026 में खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं की भरमार रहेगी। इसमें क्रिकेट, वॉलीबॉल, थ्रोबॉल, कबड्डी, रस्साकशी, आर्म रेसलिंग, साथ ही ग्रुप व सोलो डांस, बैटल ऑफ डांस, अंताक्षरी, मास्टर शेफ, थिएटर, रील्स मेकिंग, फोटोग्राफी सहित कई रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आयोजन में 8 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं भाग लेकर उत्सव का आनंद लेंगे।
संजय रूंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन संजय रूंगटा एवं डायरेक्टर डॉ. साकेत रूंगटा ने कार्निवाल 2026 की सफलता के लिए सभी सहभागी संस्थानों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं। संजय रूंगटा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और वे अपने लक्ष्यों की ओर और अधिक आत्मविश्वास के साथ अग्रसर होते हैं।कार्निवाल 2026 का समापन 7 फरवरी को रंगारंग प्रस्तुतियों एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा।



