छत्तीसगढ़विविध ख़बरें

मंत्री टंकराम वर्मा ने कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी को लेकर कहा “भूपेश बघेल पुत्र मोह में पूरी पार्टी को झोंक चुके हैं”

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस 22 जुलाई को आर्थिक नाकेबंदी करने जा रही है। सोमवार को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि, भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल कांग्रेस के किस पद पर हैं, जिसके लिए पूरी पार्टी प्रदर्शन कर रही है। वे चोरी और सीनाजोरी की राजनीति कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि, भूपेश बघेल पुत्र मोह में पूरी पार्टी को झोंक चुके हैं। भ्रष्टाचार के आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस प्रदेश की जनता को परेशान कर रही है। यह जनभावना के खिलाफ है। प्रदेश की जनता को आर्थिक नाकेबंदी के माध्यम से नुकसान पहुंचाना लोकतंत्र के साथ धोखा है। उन्होंने सरकार पर कोल ब्लॉक आवंटन, पेड़ों की अवैध कटाई और भ्रष्टाचार को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।

दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा कि, कांग्रेस अब बेनकाब हो चुकी है। कोयला आवंटन को लेकर खुद भूपेश बघेल ने केंद्र को पत्र लिखा, परमिशन की सिफारिश की और अब खुद ही आंदोलन कर रहे हैं। ये दोहरा चरित्र है।

मंत्री श्री वर्मा ने आगे कहा कि, कांग्रेस झूठ की फैक्ट्री चला कर हर मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रही है। अपने पाँच साल के शासन में भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को दस जनपथ का चारागाह बना दिया। प्रदेश की संपत्तियों और संसाधनों का उपयोग केवल राजनीतिक स्वार्थ के लिए किया गया। उन्होंने आगे कहा कि, भाजपा अब जनता के सामने कांग्रेस के सत्य और झूठ के फर्क को उजागर करेगी और हर मंच पर कांग्रेस को बेनकाब किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button