कांग्रेसी पार्षद ने युवक की हत्या कर थाने में किया सरेंडर

जांजगीर-चांपा। जांजगीर चांपा जिले में नवागढ़ थाना क्षेत्र के कांग्रेस पार्षद ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी है। नशे की हालात में दोनों के बीच विवाद हुआ फिर पार्षद ने राड मारकर सिर फोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद पार्षद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
जांजगीर जिले के नवागढ़ इलाके से बड़ी खबर आई है। यहां कांग्रेस के पार्षद आनंद कश्यप ने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी है। बताया जा रहा है दोनो पहले दोस्त थे बाद में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पार्षद आनंद कश्यप और मृतक लकी केसरवानी के बीच मंगलवार को भी किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। दोनों नवागढ़ थाना पहुंचे हुए थे और एक दूसरे के खिलाफ जुर्म दर्ज कराया था। इसके बाद दोनों वापस निकल गए। लेकिन कुछ देर बाद पार्षद आनंद कश्यप वापस थाना पहुंच गया। इसके बाद उसने पुलिस को बताया कि कहरा पाराचांपा रोड जगदीश किराना स्टोर के पास दोनों के बीच फिर से झगड़ा हो गया। इसके बाद उसने लकी केसरवानी के ऊपर रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। उसकी बात सुनते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। यहां पुलिस ने देखा कि लकी केसरवानी खून से लथपथ तड़प रहा था जिसे तत्काल नवागढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे के कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने आरोपी पार्षद को हिरासत में ले लिया है।