बीएसपी में ईडी कार्यकारी निदेशक रह चुके डॉ ए.के. पांडा बने सेल के नए चेयरमैन…

नईदिल्ली/भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में नए प्रबंध निदेशक सह चेयरमैन पद के लिए सेल के निदेशक (वित्त एवं लेखा) डॉ. अशोक कुमार पंडा का चयन किया गया है। लोक उद्यम चयन समिति ने इस पद के लिए अर्हता रखने वाले कुल दस उम्मीदवारों का ऑनलाइन साक्षात्कार 28 मार्च को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक लिया। इसके बाद चयनित अधिकारी के नाम की घोषणा दो घंटे के भीतर ही कर दी गई।

डॉ. ए.के. पंडा 31 दिसंबर 2029 तक प्रबंध निदेशक सह चेयरमैन का कार्यभार संभालेंगे। इससे पूर्व लोक उद्यम चयन समिति उनके नाम पर अंतिम मंजूरी के लिए फाइल को कैबिनेट कमेटी के पास भेजेगी, जिसमें एक से डेढ़ माह का समय लगना तय है। इसलिए सेल में अंतरिम व्यवस्था के तौर पर ए.के. पंडा को ही कंपनी का कार्यवाहक चेयरमैन बनाने पर विचार किया जा रहा है। इस संबंध में 31 मार्च को आदेश जारी किए जाने की संभावना है।
बताते चलें कि सेल के वर्तमान चेयरमैन अमरेन्दु प्रकाश अपना इस्तीफा दे चुके हैं और वे 1 अप्रैल 2026 को अपने पद से पूरी तरह विमुक्त हो जाएंगे।

महारत्न कंपनी सेल के भावी चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार पंडा ने 17 अगस्त 1992 को राउरकेला इस्पात संयंत्र में बतौर प्रबंधन प्रशिक्षु के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने राउरकेला इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन विभाग, कार्मिक प्रशासन विभाग और सीईओ सचिवालय में कार्य किया। 30 जून 2018 को उन्हें डीजीएम से जीएम पद पर पदोन्नत करते हुए सेल कॉरपोरेट ऑफिस, नई दिल्ली में वित्त विभाग की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद 27 सितंबर 2019 को उन्हें जीएम से सीजीएम बनाया गया और 16 जुलाई 2021 को भिलाई इस्पात संयंत्र भेजा गया।

भिलाई में वित्त विभाग में एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान उनके उत्कृष्ट कार्य के आधार पर 15 जून 2022 को उन्हें ईडी (कार्यकारी निदेशक) बना दिया गया। इसके बाद 11 मार्च 2025 को उनका पुनः तबादला सेल कॉरपोरेट ऑफिस, नई दिल्ली में किया गया, जहां 30 अप्रैल 2025 को उन्हें ईडी से पदोन्नत कर निदेशक (वित्त) बनाया गया। इस दौरान डॉ. ए.के. पंडा ने 30 जून 2025 से 19 मार्च 2026 तक निदेशक (वित्त) के साथ-साथ निदेशक (वाणिज्यिक) का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला। उन्होंने बीई/बीटेक (इलेक्ट्रिकल) के साथ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में पीएचडी तथा वित्तीय प्रबंधन में पीजी डिप्लोमा की डिग्री हासिल की है।



