रुंगटा पब्लिक स्कूल में नन्हे विद्यार्थियों का उत्साहपूर्वक दीक्षांत समारोह संपन्न

भिलाई। संजय रुंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, भिलाई द्वारा संचालित रुंगटा पब्लिक स्कूल में 14 मार्च को प्री-प्राइमरी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए दीक्षांत समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि संजय रुंगटा के आगमन से हुई। विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम प्री-प्राइमरी कोऑर्डिनेटर श्रीमती सोनू पाटनी द्वारा स्वागत भाषण दिया गया तथा विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का अभिनंदन किया। इसके बाद एकल गीत की सुंदर प्रस्तुति के साथ एल.के.जी. और यू.के.जी. के विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर यू.के.जी. के विद्यार्थियों को सैश और प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात यू.के.जी. के विद्यार्थियों के साथ समूह फोटो लिया गया। समारोह के दौरान अंतरशालेय विभिन्न प्रतियोगिताओं में द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।
प्राचार्या श्रीमती दीप्ति सिंग ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, परिश्रम और अच्छे संस्कारों का महत्व बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि आज का यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक है।
डायरेक्टर श्रीमती रजनी रुंगटा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य बनाकर मेहनत करने की प्रेरणा दी तथा अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोग देने का अनुरोध किया।
मुख्य अतिथि संजय रुंगटा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अपने सपनों को साकार करने और समाज के लिए एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा अभिभावकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोग और मार्गदर्शन देते रहने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के अंत में कक्षा अध्यापिका श्रीमती रूचि गोखले द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।



