पुलिस ने अंतरजिला छड़-सरिया चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, गिरोह में पुलिस विभाग का एक आरक्षक भी था शामिल

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले की चांपा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला छड़-सरिया चोर गिरोह का पर्दा फाश किया है। इस सनसनीखेज मामले में चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि चोरी के इस गिरोह में पुलिस विभाग का एक आरक्षक भी सक्रिय रूप से शामिल था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि चोरी की वारदातों में संलिप्त चार नाबालिगों को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में एक नाम ऐसा भी है जो कानून की रक्षा की शपथ लेकर पुलिस विभाग से जुड़ा था। आरोपी शशिकांत कश्यप, जो वर्तमान में पुलिस लाइन जांजगीर में पदस्थ था, चोरी के गिरोह का सक्रिय सदस्य निकला। उसके साथ तीन अन्य आरोपी भी गिरोह में शामिल थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान जब्त किया है, जिसमें छड़, ग्रेनाइट पत्थर, अन्य निर्माण सामग्री, एक पल्सर मोटरसाइकिल, और एक पिकअप वाहन शामिल है। ये सामग्री अलग-अलग थाना क्षेत्रों की दुकानों से चोरी की गई थी। गिरोह का नेटवर्क कई जिलों में फैला हुआ था और यह रात के समय निर्माण सामग्री की दुकानों को निशाना बनाते थे।
इस बड़ी सफलता का श्रेय जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में गठित टीम को जाता है। सायबर सेल और चांपा पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह को पकड़ने में कामयाबी हासिल की।