सदन में कवासी लखमा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से मंत्री हुए चारो खाने चित्त

रायपुर। होली अवकाश के बाद सोमवार को फिर से छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया। सोमवार को विधानसभा बजट सत्र का छठवां दिन था। प्रश्नकाल में कांग्रेस ने सरकार को घेरते हुए नजर आए। सदन में धान खरीदी के मुद्दे को लेकर जमकर हंगामा देखने को मिला। इस दौरान कांग्रेस ने सरकार पर किसानों के साथ छल करने का आरोप लगाया और सरकार के जवाब से असंतुष्ट होकर बहिर्गमन कर दिया।
प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक कवासी लखमा ने बस्त के पांच जिलों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बस्तर के पांच जिलों में 32,200 किसानों से इस साल धान खरीदी नहीं हुई है। किसान कर्ज लिए थे, बेटी की शादी करनी थी। धान बेचने की उम्मीद में पंजीयन भी कराया था। उनकी गिरदावरी भी हुई, फिर भी उनसे धान क्यों नहीं खरीदा गया। उन्होंने कहा कि अगर इन किसानों से धान खरीदी होती तो उन्हें करीब 206 करोड़ रुपए मिलते, जिससे वे अपना कर्ज चुका सकते थे। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या अब सरकार किसानों का कर्ज चुकाएगी। इस पर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने जवाब देते हुए कहा कि किसान धान बेचने नही आए तो कैसे धान खरीदी करें। बस्तर में पिछले कार्यकाल से दुगुना, तिगुना धान खरीदी हुई।

मंत्री के जवाब पर कवासी लखमा ने कहा, ये सदन में झूठ बोल रहे है। मंत्री ने कहा, जो किसान नहीं बेच पाए थे, उनके लिए दो दिन बढ़ाए थे। कवासी लखमा बोले, दो दिन में कितने धान लिए, उसका आंकड़ा बताएं। बीजापुर के किसानों ने कर्ज लिया है। या तो उनका कर्जा चुका दें, या धान खरीद लें।



