नगरी जनपद पंचायत में भाजपा का कब्जा

नगरी। जनपद पंचायत नगरी में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। चुनाव में भाजपा समर्थित महेश गोटा अध्यक्ष और हृदय साहू उपाध्यक्ष पद पर विजयी हुए हैं। निर्वाचन अधिकारी एसडीएम प्रीति दुर्गम की देखरेख में चुनाव संपन्न हुआ। जिसमें कुल 25 जनपद सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जनपद पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित महेश गोटा और कांग्रेस समर्थित मुनेंद्र ध्रुव के बीच सीधा मुकाबला था। मतदान में महेश गोटा को 15 और मुनेंद्र ध्रुव को 10 मत प्राप्त हुए। इस जीत के साथ निर्वाचन अधिकारी ने महेश गोटा को विजयी घोषित किया। महेश गोटा की जीत से भाजपा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित हृदय साहू और कांग्रेस समर्थित नंदिनी साहू के बीच मुकाबला था। मतदान से ठीक पहले जनपद सदस्य प्रेमलता नागवंशी की तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने मतदान में भाग नहीं ले पाए। इस प्रकार 24 सदस्यों के मतदान में हृदय साहू को 14 और नंदिनी साहू को 10 मत प्राप्त हुए। इस परिणाम के साथ भाजपा समर्थित हृदय साहू को निर्वाचित घोषित किया गया।
मतगणना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य विजयी जुलूस निकाला। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और भाजपा कार्यकर्ताओं की नारों के साथ नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेश गोटा और उपाध्यक्ष हृदय साहू ने नगर का भ्रमण किया। जनपद पंचायत में भाजपा ने कांग्रेस को बड़ा झटका देकर चुनाव में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कब्जा किया। इस जीत के साथ भाजपा ने जनपद पंचायत नगरी में अपनी मजबूत पकड़ बना ली, जबकि कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।