सिविल सेवा से इस्तीफा देने वाले पूर्व आईएएस को भाजपा ने बनाया उम्मीदवार
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में पूर्व आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को राजनीति खूब भाने लगी है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता हैं कि कई अधिकारियों ने बीच में ही नौकरी से इस्तीफा देकर राजनीति में आने का फैसला किया। कई ने सेवानिवृत्ति के बाद राजनीति में आने का मन बना लिया है। ऐसा ही एक वाकया राजनांदगांव के नगरीय निकाय चुनाव में देखने को मिल रहा है। पूर्व IAS अधिकारी शैंकी बग्गा इस बार बीजेपी के टिकट पर राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड 24 शीतला माता वार्ड से पार्षद चुनाव लड़ने जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया।
शैंकी बग्गा की बीजेपी में शामिल होने की कहानी काफी दिलचस्प है। दरअसल, शैंकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आदर्श मानते है और उन्हीं की तरह देश सेवा के लिए अपना जीवन व्यतीत करना चाहते हैं। 11 दिसंबर 2022 को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागपुर में वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह ट्रेन राजनांदगांव जब पहुंची तो उसका ग्रांड वेलकम किया गया। इसमें बड़ी संख्या में भाजपा नेता पहुंचे हुए थे। यहीं पर IAS अफसर शैंकी बग्गा भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपना इस्तीफा भेजा और वीआरएस के लिए आवेदन किया। इसके बाद उन्होंने तत्कालीन बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित अन्य भाजपा नेताओं की मौजूदगी में पार्टी ज्वाइन करने की घोषणा कर दी। फिर भाजपा नेताओं ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। तब शैंकी बग्गा ने सिविल सर्विसेज की नौकरी छोड़ भाजपा ज्वाइन करने और नेता बनने का कारण भी बताया था।
बता दें कि मूल रूप से राजनांदगांव के रहने वाले शैंकी बग्गा 2013 बैच के IAS अफसर रहे हैं। उन्होंने इससे पहले IIT बॉम्बे से एमटेक किया है। सिविल सेवा में चयनित होने के बाद शैंकी बग्गा ने ऑर्डिनेंस फैक्ट्री नागपुर के भंडारा और ओडिशा में काम किया है।