अविनाश ठाकुर छ. ग. श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित

कवर्धा। छ. ग श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ की द्वि वार्षिक सामान्य सभा अर्बन मेरिज पैलेस रुपजीवन हॉस्पिटल के सामने लोहारा रोड कवर्धा में संपन्न हुई। छ. ग श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ की द्वि वार्षिक सामान्य सभा के दौरान कवर्धा के जुझारू पत्रकार अविनाश ठाकुर को प्रदेश अध्यक्ष तथा प्रदेश महासचिव के पद पर गंडई के अनिल अग्रवाल को निर्वाचित घोषित किया गया। यह घोषणा निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र वाटाने ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की उपस्थिति में की । इस दौरान जिला पंचायत, जनपद पंचायत और बीजेपी संगठन के कई वरिष्ठ नेता भी मंच पर मौजूद थे ।

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकारों की सुरक्षा सरकार की प्रमुखता में शामिल है । पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी से मिलकर चर्चा करेंगे । प्रदेश के गृहमंत्री के तौर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नक्सलवाद आज समाप्ति के कगार पर पहुंच चुका है और इस काम में छत्तीसगढ़ के पत्रकारों की भी बहुत बड़ी भूमिका रही है। नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष अविनाश ठाकुर और प्रदेश महासचिव अनिल अग्रवाल को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह दोनों पत्रकार अपनी पत्रकारिता के साथ समय समय पर सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी बखूबी करना जानते हैं। इन दोनों के नेतृत्व में निश्चित रूप से प्रदेश के पत्रकारों के हित में कई काम होंगे , ऐसा मेरा विश्वास है । गृहमंत्री विजय शर्मा ने यह भी कहा कि वह हमेशा पत्रकारों के साथ खड़े रहते हैं और आगे भी खड़े रहेंगे।


प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से पत्रकारों द्वारा मांग की गई कि टोल नाकों पर लगने वाले टैक्स से पत्रकारों को राहत दिलाने के लिए शासन स्तर पर पहल करें, पत्रकारों के इलाज के लिए गठित पत्रकार कल्याण कोष की राशि 2 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपए की जाए । जिस पर उन्होंने कहा कि वह पत्रकारों के कल्याण से संबंधित जो भी मांगे हैं , उनको मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सामने रखकर हल कराने का प्रयास करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष अविनाश ठाकुर और प्रदेश महासचिव अनिल अग्रवाल के साथ फिलहाल 10 लोगों को कार्य समिति में शामिल किया गया है जिनमें मनोज गोस्वामी, विजय लांडगे, टी सूर्या राव , इजहार अहमद, विजय तिवारी, श्याम भोजवानी, निशा मसीह, पूर्णिमा शुक्ला, अखिलेश जायसवाल और हरि ओम श्रीवास को शामिल किया गया है । प्रदेश अध्यक्ष अविनाश ठाकुर ने कहा है कि जल्द की कार्यसमिति का विस्तार किया जाएगा ।

सामान्य सभा के दौरान बीजापुर , जगदलपुर , कोंडागांव , नारायणपुर , कांकेर अंबिकापुर , मनेंद्रगढ़ , कोरिया बलरामपुर , सूरजपुर , बिलासपुर , रायगढ़ और दुर्ग जिले से सैकड़ो की संख्या में पत्रकार शामिल हुए ।



