अपराध (जुर्म)छत्तीसगढ़बिलासपुर

जमीन विवाद में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में 2 लोग गंभीर रूप से घायल

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र के नहर पार इलाके में जनपद उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता नितेश सिंह के उप जानलेवा हमला किया गया। इस दौरान तीन अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने करीब 10 से 12 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे आसपास भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि इस हमले का निशाना जनपद उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता नितेश सिंह थे, जो उस समय अपने साथियों के साथ निजी कार्यालय में मौजूद थे। हालांकि नितेश सिंह हमले में बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके पास बैठे दो लोगों को गोली लगने से गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को तत्काल अपोलो अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है।

हमलावर बिना नंबर की सफेद रंग की कार में आए थे। जैसे ही उन्होंने होटल के सामने पहुंचकर गाड़ी रोकी, उन्होंने अचानक गोलियां बरसाना शुरू कर दिया।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार करीब 10 राउंड फायरिंग की गई, जिससे आसपास भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना प्रभारी हरीश तांडेकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में घेराबंदी अभियान शुरू कर दिया गया है।


पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना स्थल से खाली कारतूस और गोली के खोखे बरामद किए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे हमलावरों की पहचान में मदद मिल सके।


इस गोलीकांड के बाद स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वहीं, पुलिस का कहना है कि घायल दोनों व्यक्तियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button